गुवाहाटी, 29 नवंबर: महानगर के जयानगर में ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसा शनिवार, 28 नवंबर को सिक्समाइल-बेलतला संपर्क मार्ग पर हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सिक्समाइल से बेलतला की ओर मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान बशिष्ठ की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया गया कि ट्रक कुछ देर पहले भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) परिसर से निकला था।

टक्कर के बाद मोटरसाइकिल सड़क पर गिर गई और युवक ट्रक के पहियों के नीचे आ गया। ट्रक युवक को कुछ दूरी तक घसीटने के बाद रुका। स्थानीय लोगों ने युवक को मृत अवस्था में पाया।

मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने उसके कपड़ों और खाद्य सामग्री पहुंचाने से जुड़े उपकरणों के आधार पर आशंका जताई है कि वह स्विगी का डिलीवरी कर्मी था। दुर्घटनाग्रस्त बाइक का नंबर AS 15 AE 6084 और ट्रक का नंबर AS 25 BC 6065 बताया गया है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक के घटनास्थल से फरार होने की बात सामने आई है।

पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। साथ ही मृतक की पहचान और पता सुनिश्चित कर उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश जारी है।