नई दिल्ली, 28 नवंबर: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिकता मिलने से 3 वर्ष पहले 1980 की मतदाता सूची में शामिल होने के आरोप के मामले में दिल्ली पुलिस ने अदालत में दो रिपोर्ट दाखिल की हैं।

अदालत के निर्देश पर जांच की प्रगति से संबंधित 27 नवंबर की रिपोर्ट में पुलिस ने बताया कि मामला आईपी एस्टेट थाने के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। इसके बाद इसे जरूरी कार्रवाई के लिए नई दिल्ली जिले और फिर तुगलक रोड थाने को भेज दिया गया।

पुलिस ने अदालत को बताया कि 1980 और 1983 की मतदाता सूचियों में सोनिया गांधी का नाम दर्ज होने के संबंध में नई दिल्ली जिले के जिला दंडाधिकारी कार्यालय से जानकारी मांगी गई थी। कार्यालय ने दोनों सूचियों में उनका नाम दर्ज होने की पुष्टि की है।

हालांकि, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जरूरी फॉर्म-6 और अन्य संबंधित दस्तावेज पुलिस को अब तक नहीं मिले हैं। इन दस्तावेजों की तलाश जारी है।

सोनिया गांधी को भारतीय नागरिकता कब मिली थी, इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय के विदेशी प्रभाग से भी जानकारी मांगी गई थी। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, एंटोनिया माइनो उर्फ सोनिया गांधी का नागरिकता प्रमाणपत्र 30 अप्रैल 1983 को जारी किया गया था।

शिकायतकर्ता के वकील विकास त्रिपाठी की ओर से अधिवक्ता नीरज अदालत में पेश हुए। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विनोद जोशी ने मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर तय की है। पुलिस दस्तावेजों की तलाश और जांच जारी रखेगी। मतदाता सूची में नाम दर्ज करने में कोई अनियमितता हुई थी या नहीं, इस पर पुलिस ने अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है।