गुरुग्राम के सौरव राठी ने 2026-27 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के 26वें इंडियन ऑयल सर्वो मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट के पहले दौर में 7 अंडर 65 का कार्ड खेलकर 2 शॉट की बढ़त बना ली है।
राठी ने पहले दौर में 8 बर्डी लगाईं। हालांकि, उन्होंने अपने अंतिम होल, पार-4 18वें होल पर दिन की एकमात्र बोगी की।
दिल्ली के अंशुल काबठियाल और प्रवीण ओम प्रकाश चौहान 5 अंडर 67 के स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं।
120 खिलाड़ियों में से केवल 29 खिलाड़ी ही चुनौतीपूर्ण कोर्स पर पार या उससे बेहतर स्कोर कर सके।
राठी 2019 से नियमित रूप से डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में खेल रहे हैं। उन्होंने हाल में अहमदाबाद में हुए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई क्वालिफाइंग टूर्नामेंट के अंतिम चरण में 17वां स्थान हासिल कर पूरे सत्र में खेलने का अधिकार हासिल किया था।
1 करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में देश और विदेश के कुल 120 गोल्फर भाग ले रहे हैं।