गुवाहाटी, 18 नवंबर: गोलाघाट जिले के मेरापानी निवासी दो युवकों रूपम गोगोई और सौरव दास ने साइकिल से माउंट एवरेस्ट बेस कैंप तक की यात्रा शुरू की है। दोनों ने जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि देते हुए गुवाहाटी के जुबिन क्षेत्र से इस अभियान की शुरुआत की।

युवकों का लक्ष्य करीब 3 महीने के भीतर एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचना है। इस यात्रा के जरिए वे जुबिन गर्ग के लिए न्याय की मांग, ड्रग्स और नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा पेड़-पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।

दोनों अपने साथ भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के अलावा ‘जय आई असम’ और ‘जय जुबिन दा’ लिखे असमिया गमछे भी ले जा रहे हैं। उनका उद्देश्य एवरेस्ट बेस कैंप पर असम की संस्कृति और पहचान को दुनिया के सामने रखना है।

अभियान के दौरान उन्हें दुर्गम पहाड़ी रास्तों और प्रतिकूल मौसम का सामना करना होगा। इससे पहले रूपम गोगोई अकेले साइकिल से नेपाल, लद्दाख और श्रीलंका की यात्रा कर चुके हैं।