नई दिल्ली, 18 नवंबर: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी है। सीरीज का पांचवां सीजन 3 दिसंबर को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा। नए सीजन को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा शुरू हो गई है।

प्राइम वीडियो ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर पांचवें सीजन का नया पोस्टर जारी कर रिलीज की तारीख की घोषणा की। पोस्टर के साथ दिए गए संदेश में कहा गया है कि फुलेरा में इस बार भी कुछ टकराव और कुछ प्यार देखने को मिलेगा। नए सीजन में दर्शकों को गांव के परिचित किरदार फिर से नजर आएंगे।

पांचवें सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता और अशोक पाठक अपने परिचित किरदारों में लौटेंगे।

चौथे सीजन के अंत में फुलेरा गांव की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ था। चुनाव में प्रधानजी और मंजू देवी की हार के बाद क्रांति देवी गांव की नई प्रधान चुनी गई थीं। उनके पति बनराकस ने भी सत्ता के नए केंद्र में अहम भूमिका निभाई थी।

पांचवें सीजन की कहानी इसी राजनीतिक बदलाव के इर्द-गिर्द आगे बढ़ने की संभावना है। नई प्रधान के कार्यकाल में सचिवजी यानी अभिषेक त्रिपाठी के कामकाज के सामने नई चुनौतियां आएंगी। अभिषेक गांव के अधूरे काम पूरे करने के साथ ही एमबीए करने के अपने सपने को पूरा करने की तैयारी भी करेंगे।

प्रधानजी और मंजू देवी की हार के बाद का जीवन भी नए सीजन का अहम आकर्षण होगा।

‘पंचायत’ की शुरुआत 2020 में हुई थी। ग्रामीण जीवन, हास्य और किरदारों के कारण यह सीरीज दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रही है। इसका दूसरा सीजन 2022 में, तीसरा सीजन 2024 में और इसके बाद चौथा सीजन रिलीज हुआ था।