नई दिल्ली, 29 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में आयोजित डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका ऊषा मंगेशकर को पहला ‘भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका राष्ट्रीय पुरस्कार’ प्रदान किया।
यह पुरस्कार डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में वर्षभर चले समारोहों के समापन अवसर पर दिया गया। असम सरकार ने संगीत, कला और भारतीय फिल्म जगत में विशेष योगदान देने वाले विशिष्ट लोगों को सम्मानित करने के लिए यह राष्ट्रीय पुरस्कार शुरू किया है।
भारतीय संगीत जगत में विभिन्न भाषाओं में उनके योगदान और डॉ. भूपेन हजारिका के संगीत से उनके जुड़ाव के सम्मान में ऊषा मंगेशकर को इस पुरस्कार के पहले प्राप्तकर्ता के रूप में चुना गया।
पुरस्कार में 10 लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति-पत्र और सम्मान चिह्न शामिल हैं। यह पुरस्कार हर 3 वर्ष में दिया जाएगा।
असम सरकार ने डॉ. भूपेन हजारिका के संगीत और सांस्कृतिक योगदान को सम्मान देने तथा उनकी रचनात्मक विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह पुरस्कार शुरू किया है। डॉ. भूपेन हजारिका का जन्म 8 सितंबर 1926 को सदिया में हुआ था। उन्होंने अपने गीतों और रचनाओं के जरिए असमिया संस्कृति, लोकजीवन और मानवता के संदेश को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई।