मुंबई: विश्वविख्यात कलाकार डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह का समापन 29 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ होगा।
समारोह की तैयारियों के तहत मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने मुंबई में असम और देश के कई वरिष्ठ कलाकारों तथा नई पीढ़ी के गायक-गायिकाओं से मुलाकात की। उन्होंने रिहर्सल भी देखी और कलाकारों से तैयारियों पर बातचीत की।
रिहर्सल में बॉलीवुड में पहचान बना चुके असम के अनुराग सैकिया के अलावा रूपम भुइयां, आचार्य बरपात्र गोहाईं, मयुख हजारिका, अनिंदिता पाल, डिक्षु, जुबली, मौसमी चौधरिया, नाहिद अफरीन, मनोज बरुआ और रूपम तालुकदार मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुराग सैकिया के निर्देशन में प्रस्तुत किया जाने वाला यह कार्यक्रम बेहद आकर्षक होगा।
रिहर्सल में बॉलीवुड की लोकप्रिय गायिका कविता कृष्णमूर्ति भी मौजूद रहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री से विशेष बातचीत के दौरान डॉ. भूपेन हजारिका के साथ अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किस तरह उन्होंने उन्हें चार पंक्तियां गाने का अवसर देकर बॉलीवुड में आगे बढ़ने का मौका दिया था।
कविता कृष्णमूर्ति समारोह में ‘बिमूर्त मोर निशाटी’ का हिंदी संस्करण ‘गुमसुम’ प्रस्तुत करेंगी। यह गीत फिल्म ‘दमन’ में उनकी आवाज में रिकॉर्ड किया गया था।