मेघालय, 18 नवंबर: मेघालय के पश्चिम जयंतिया हिल्स जिले में गलती से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर बांग्लादेश पहुंच गए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान को फ्लैग मीटिंग के बाद मंगलवार शाम भारत लौटा दिया गया। जवान को बांग्लादेश सीमा रक्षक बल (बीजीबी) ने पकड़ा था।

जानकारी के अनुसार, जवान मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे जोवाई क्षेत्र से सीमा पार कर बांग्लादेश के सिलहट जिले में प्रवेश कर गए थे। भारतीय अधिकारियों ने बताया कि सीमा के इस हिस्से में कांटेदार तार की बाड़ नहीं होने के कारण वह अनजाने में सीमा पार कर गए।

बीजीबी की गश्ती टीम ने जवान को बिछनाकांदी सीमा क्षेत्र में पकड़ा। उनके पास इंसास राइफल, पंप-एक्शन बंदूक और वॉकी-टॉकी सेट था।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें बीजीबी के दो जवान स्थानीय लोगों के साथ बीएसएफ जवान को ले जाते दिखे। वीडियो में जवान वॉकी-टॉकी के जरिए मदद मांगते भी सुनाई दिए। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

जवान की वापसी के लिए बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने बांग्लादेश सीमा रक्षक बल से संपर्क किया। दोनों देशों के सीमा बलों के बीच फ्लैग मीटिंग होने के बाद जवान को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। बाद में उनके स्वास्थ्य की जांच कराई गई।

मेघालय-बांग्लादेश सीमा के कुछ हिस्सों में कांटेदार तार की बाड़ नहीं है और वहां पर्यटकों की आवाजाही भी रहती है।