नई दिल्ली, 18 नवंबर: पश्चिम एशिया के होरमुज जलडमरूमध्य में एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक लापता हो गया, जबकि दो भारतीय कर्मचारी घायल हुए हैं। हमला 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर एमटी तारा गैस पर हुआ था।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, हमले के समय जहाज पर कुल 24 भारतीय नागरिक सवार थे। इनमें से 21 लोगों को सुरक्षित बचाकर ओमान के खसाब बंदरगाह पहुंचाया गया है।
घायल दो भारतीय कर्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लापता भारतीय नागरिक की तलाश और बचाव अभियान जारी है।
ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर बचाव अभियान पर नजर रख रहा है। विदेश मंत्रालय ने तत्काल सहायता के लिए ओमान सरकार का आभार जताया है।
भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक ढांचे पर हमले बंद होने चाहिए। मंत्रालय ने क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों पर गहरी चिंता भी जताई है।
भारत ने कहा कि ऐसी घटनाएं समुद्री मार्गों पर काम कर रहे नागरिक नाविकों की जान और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। उसने अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत महत्वपूर्ण जलमार्गों में जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही तथा व्यापार जल्द बहाल करने का आह्वान किया है।