हाओराघाट, 18 नवंबर: कार्बी आंगलोंग के हाओराघाट के निकट नमाटी परिषद क्षेत्र के मेटेका गांव के खेल मैदान में सोमवार को बोडो साहित्य सभा का 75वां स्थापना दिवस (प्लेटिनम जयंती) और दैमा दैचा प्राथमिक बोडो साहित्य सभा का दूसरा वार्षिक अधिवेशन संपन्न हुआ। दिनभर चले रंगारंग कार्यक्रमों से पूरे क्षेत्र में उत्सव और खुशी का माहौल रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत नमाटी वी.डी.सी. के अध्यक्ष ब्रिटेन महेला द्वारा प्रवेश द्वार के तोरण के उद्घाटन से हुई। सुबह 8 बजे अध्यक्ष महेश्वर बोडो ने बोडो साहित्य सभा का 75वां मुख्य ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद दीघलपानी आरज हांजा समूह ने आरज प्रस्तुत किया।
इसके बाद स्वागत समिति के सचिव खर्गेश्वर बोडो ने प्रतिनिधि सभा का उद्घाटन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय बोडो नृत्य और गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।
दोपहर बाद दैमा दैचा प्राथमिक बोडो साहित्य सभा के अध्यक्ष महेश्वर बोडो की अध्यक्षता में खुली सभा हुई। सचिव सुभाष बसुमतारी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि स्वागत समिति के कोषाध्यक्ष एवं शिक्षक प्रणव कुमार खाखलारी ने सभा का औपचारिक उद्घाटन किया।
मुख्य अतिथि कवि, लेखक और प्रधान शिक्षक अजित बसुमतारी ने मातृभाषा के विकास तथा नई पीढ़ी में साहित्यिक रुचि बढ़ाने के महत्व पर सारगर्भित भाषण दिया। कार्यक्रम में गोपेश चंद्र बसुमतारी, पवित्र ब्रह्म, स्वप्ना बागलारी, दैमा दैचा बोडो साहित्य सभा के उपाध्यक्ष विष्णु बोडो, कछारी समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जतिन चंद्र बोडो, सचिव बिरेश्वर बसुमतारी, उपाध्यक्ष तिलक चंद्र बोडो और गोबर्धन बागलारी समेत मौसम बसुमतारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।