गुवाहाटी/कोकराझार, 18 नवंबर: मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लोकप्रिय कलाकार जुबिन गर्ग के 54वें जन्मदिन के अवसर पर जुबिन क्षेत्र के पहले चरण के निर्माण कार्य को मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि जुबिन क्षेत्र के माध्यम से आने वाली पीढ़ियां जुबिन को महसूस कर सकेंगी, उनकी रचनाओं से परिचित होंगी और उनकी सृजनात्मकता की खुशबू को अपने साथ लेकर आगे बढ़ेंगी।
“आज हम सभी के प्रिय जुबिन के जन्मदिन पर मैंने जुबिन क्षेत्र के पहले चरण के काम को मंजूरी दी है।”
उधर, कोकराझार के चांदमारी स्थित जुबिन पार्क में जन्मदिन समारोह के दौरान बीटीसी के मुख्य कार्यकारी सदस्य हाग्रामा मोहिलारी ने जुबिन गर्ग के आदर्शों और विचारों को संरक्षित रखने के लिए 30 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि पहले चरण के काम के लिए भी धन आवंटित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य जुबिन गर्ग के विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
राज्य सरकार और बीटीसी की इन घोषणाओं को जुबिन गर्ग की स्मृति और उनकी रचनाओं के संरक्षण की दिशा में नई पहल के रूप में देखा जा रहा है।