डिगबोई, 24 नवंबर से 27 नवंबर तक रायपुर में होने वाली राष्ट्रीय मिनी डबल्स बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए डिगबोई के एरिक पलाश दत्ता का चयन हुआ है।
डिगबोई बैडमिंटन अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे एरिक पलाश दत्ता, त्रिनयन बरफुकन और देवाज्ञ शइकिया ने हाल में आयोजित अंडर-9 राज्य बैडमिंटन प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। मुख्य प्रशिक्षक चिन्मय बोरा तथा प्रशिक्षक आदित्य गोगोई और चालिना जयराज ने यह जानकारी दी।
डिगबोई इंडोर स्टेडियम में शाम को अकादमी के प्रशिक्षुओं और अभिभावकों की मौजूदगी में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान एरिक पलाश, त्रिनयन और देवाज्ञ को बधाई देकर उनके अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
डिगबोई कॉलेज के प्राध्यापक मुकुल बुढ़ागोहाईं, समाजसेवी नितुल नाथ, रुबुल गोगोई और युवा व्यवसायी धनंजय डेका समेत कई खेल प्रेमियों ने एरिक पलाश दत्ता को शुभकामनाएं दीं।
एरिक पलाश डिगबोई के सर्जन डॉ. पलाश दत्ता और प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरजा शइकिया के इकलौते पुत्र हैं। वह डिगबोई कार्मेल स्कूल की चौथी कक्षा के छात्र हैं।