नई दिल्ली, 19 नवंबर: मलेशिया ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश की मौजूदा सुविधा समाप्त करने का फैसला किया है। 1 जनवरी 2027 से भारतीय पासपोर्ट धारकों को मलेशिया जाने से पहले वैध वीजा लेना अनिवार्य होगा।
मलेशिया के इमिग्रेशन विभाग ने 17 नवंबर को जारी नोटिस में कहा कि भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा 31 दिसंबर 2026 को समाप्त हो जाएगी। नए नियम के तहत वीजा के लिए आवेदन 1 दिसंबर 2026 से मलेशिया के MyVISA ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किए जा सकेंगे।
मलेशिया ने दिसंबर 2023 में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए भारतीय नागरिकों को 30 दिन तक वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा दी थी। इसके तहत भारतीय पासपोर्ट धारक पर्यटन, सामाजिक मुलाकात और निर्धारित यात्रा उद्देश्यों के लिए 30 दिन तक वहां रह सकते थे।
करीब दो महीने पहले कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग ने मलेशिया जाने वाले भारतीय नागरिकों को वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा का दुरुपयोग नहीं करने की चेतावनी दी थी। उच्चायोग ने पर्यटक वीजा या वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा के जरिए नौकरी तलाशने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई थी।
उच्चायोग के अनुसार, कुछ भारतीय नागरिकों को बेईमान एजेंट फर्जी नौकरी का लालच देकर मलेशिया ले जाने के आरोप सामने आए थे। इससे तय अवधि से अधिक समय तक रुकने, अवैध रूप से रहने, शोषण, हिरासत और कानूनी कार्रवाई का खतरा रहता है। उच्चायोग ने स्पष्ट किया था कि पर्यटन के लिए दी गई वीजा-मुक्त सुविधा का इस्तेमाल कर नौकरी तलाशना मलेशिया के इमिग्रेशन नियमों का उल्लंघन है।
इमिग्रेशन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि वीजा आवेदन प्रक्रिया के लिए जमा किया गया शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा। आवेदन मंजूर हो या खारिज हो, अथवा यात्रा की योजना बदल जाए, शुल्क वापस नहीं मिलेगा।