ब्राजील, 19 नवंबर: ब्राजील के अमेजन वर्षावन में बाहरी दुनिया से अलग-थलग रह रहे करीब 20 आदिवासी जंगल से निकलकर एक गांव पहुंचे। सोमवार को हुई इस घटना को आदिवासियों के अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन सर्वाइवल इंटरनेशनल ने ऐतिहासिक संपर्क बताया है। हालांकि, इससे उनके पारंपरिक जीवन और सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं भी पैदा हुई हैं।

संगठन के अनुसार, अमेजन के अवा समुदाय के ये लोग स्वेच्छा से बाहरी समाज से अलग रह रहे थे। वे पूर्वोत्तर ब्राजील के मारानियाओ राज्य के अरारिबोइया आदिवासी क्षेत्र के एक गांव पहुंचे और सरकारी प्रतिनिधियों से संपर्क किया। इस क्षेत्र में ग्वाजाजारा समुदाय के लोग भी रहते हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें भोजन दिया। सर्वाइवल इंटरनेशनल के अनुसार, समूह आलू की तलाश में आया था और आलू लेकर फिर जंगल की ओर लौट गया।

अवा समुदाय के लोग आमतौर पर शिकार और जंगल से मिलने वाले संसाधनों पर निर्भर रहते हैं। लेकिन हाल के समय में उनके इलाके में अवैध रूप से लकड़ी काटने वालों, शिकारियों और पशुपालकों की घुसपैठ बढ़ी है। इससे उनकी पारंपरिक जीवनशैली और जंगल पर निर्भरता खतरे में पड़ गई है।

ग्वाजाजारा ग्रामीणों की ओर से बनाए गए एक वीडियो में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों का एक समूह जंगल के किनारे दिखाई दे रहा है। स्थानीय आदिवासी संगठनों ने समूह के कुछ लोगों की शारीरिक स्थिति को लेकर चिंता जताई है। मारानियाओ के आदिवासी समूहों का प्रतिनिधित्व करने वाले कोआपिमा ने कहा कि कई सदस्यों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों में अत्यधिक दुबलापन के संकेत दिखे हैं।

कोआपिमा ने बाहरी लोगों के साथ बिना तैयारी के संपर्क से बीमारियां फैलने की आशंका भी जताई। संगठन के मुताबिक, बाहरी दुनिया में फैली कई बीमारियों के खिलाफ इन लोगों में जरूरी प्रतिरोधक क्षमता नहीं हो सकती है। ब्राजील की सरकारी आदिवासी मामलों की संस्था फुनाई ने बताया कि उसकी तकनीकी टीमें स्थिति पर करीबी नजर रख रही हैं और समूह के स्वास्थ्य से जुड़ी उपलब्ध जानकारी की जांच कर रही हैं।

सर्वाइवल इंटरनेशनल की निदेशक कैरोलिन पियर्स ने कहा कि बाहरी लोगों की घुसपैठ के कारण जंगल में आत्मनिर्भर ढंग से रहने वाले आदिवासी खतरे में हैं। उन्होंने कहा कि अवा समुदाय का इलाका लगातार सिमट रहा है और चारों ओर जंगलों के विनाश का असर बढ़ रहा है।

उसी इलाके में रहने वाले ग्वाजाजारा समुदाय के ‘फॉरेस्ट गार्जियंस’ समूह ने जलवायु परिवर्तन, जंगल की आग, वनों की कटाई और भूमि पर कब्जे को लेकर चिंता जताई है। सर्वाइवल इंटरनेशनल के अनुसार, अवैध घुसपैठ के खिलाफ जंगल बचाने की लड़ाई में इस समूह के कई सदस्य जान गंवा चुके हैं।

सर्वाइवल इंटरनेशनल के मुताबिक, दुनिया के 10 देशों में स्वेच्छा से अलग-थलग रह रहे करीब 196 आदिवासी समुदायों या समूहों की पहचान की गई है। इनमें 90 प्रतिशत से अधिक अमेजन वर्षावन में रहते हैं। ब्राजील के अलावा इंडोनेशिया और भारत में भी ऐसे समुदाय रहते हैं।