सोनतली: दक्षिण कामरूप के सोनतली स्थित प्रमुख शिक्षण संस्थान एक्सेलेंट एकेडमी के 7वें वार्षिक अधिवेशन के उद्घाटन समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण और रंगारंग माहौल में किया गया। चार दिवसीय कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य महर अली अहमद की अध्यक्षता में आयोजित उद्घाटन समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. कोरबान अली अहमद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। एक्सेलेंट एकेडमी, सोनतली के मुख्य प्रबंध निदेशक शहीदुल इस्लाम बोरा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम में कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में पाठ्यपुस्तकों के साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और वार्षिक अधिवेशन जैसे आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से मौजूदा प्रतिस्पर्धी दौर में नैतिकता, अनुशासन और रचनात्मकता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य महर अली अहमद ने विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया और भविष्य की योजनाओं पर भी बात रखी। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

अधिवेशन के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए गए। पुरस्कार मिलने पर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए। समारोह में क्षेत्र के बड़ी संख्या में शिक्षाविद, अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।