शिलांग, 29 नवंबर: मेघालय हाईकोर्ट ने 19 अगस्त को एक जुलूस के दौरान हुई हिंसा की जांच में कई खामियों पर नाराजगी जताई है। अदालत ने घटना में शामिल बड़ी संख्या में लोगों की पहचान नहीं होने, सीसीटीवी फुटेज जुटाने में देरी और केवल 7 आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
मुख्य न्यायाधीश रेवती मोहिटे डेरे और न्यायमूर्ति डब्ल्यू दियेंगडोह की पीठ ने 26 नवंबर को पीआईएल संख्या 16/2026 और पीआईएल संख्या 18/2026 की सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। पीठ ने कहा कि पुलिस ने 19 अगस्त की घटना से जुड़ी जरूरी सीसीटीवी फुटेज समय पर नहीं जुटाई। अदालत के निर्देश के बाद ही जइयाव इलाके की फुटेज हासिल की गई।
पूर्वी खासी हिल्स के उपायुक्त अभिलाष बरनवाल के शपथपत्र के अनुसार, 19 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे खासी स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) के 20 से 25 स्वयंसेवकों ने मेघालय सचिवालय की लोहे की जाली और दीवारों पर बैनर-पोस्टर लगाना शुरू किया था। जइयाव से जुलूस दोपहर 3 बजे शुरू होना था। बाद में एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट को बैनर-पोस्टर लगाना बंद कराने का निर्देश दिया गया था। शपथपत्र में कहा गया है कि जुलूस केएसयू के जइयाव स्थित कार्यालय से शांतिपूर्वक शुरू हुआ था।
अदालत ने जुलूस के शुरुआती स्थान पर पुलिस की ओर से वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए। पीठ ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के तहसीन एस. पूनावाला मामले में दिए गए निर्देशों के अनुसार जुलूस की वीडियो रिकॉर्डिंग जरूरी थी। अदालत ने पुलिस की पहले की रिपोर्ट और ताजा शपथपत्र में विरोधाभास भी बताया। पहले की रिपोर्ट में कहा गया था कि जुलूस में लोगों को चेहरा ढकने की अनुमति नहीं थी, जबकि फोटो और वीडियो में कई लोग चेहरा ढके दिखे। कुछ लोगों के हाथ में लाठियां थीं और वाहनों की नंबर प्लेट भी ढकी हुई थीं।
पीठ ने संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आम लोगों पर हमले के आरोपों के बावजूद सिर्फ 7 आरोपितों की गिरफ्तारी पर चिंता जताई। अदालत ने कहा कि बाकी आरोपितों की पहचान के लिए पुलिस ने पर्याप्त प्रयास नहीं किए। हालांकि, विशेष जांच दल की रिपोर्ट में बताया गया है कि जिन आरोपितों की पहचान नहीं हुई है या जिन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है, उनकी भूमिका तय करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 193(9) के तहत आगे की जांच जारी है।
राज्य सरकार ने जइयाव समेत करीब 32 स्थानों की सीसीटीवी फुटेज बंद लिफाफे में अदालत को सौंपी है। अदालत ने एमिकस क्यूरी पलक को अतिरिक्त महाधिवक्ता के कार्यालय में फुटेज की जांच करने का निर्देश दिया है।
सुनवाई में यह मुद्दा भी उठा कि पुलिस ने सामूहिक हिंसा और मॉब लिंचिंग रोकने के लिए जारी अपने निर्देशों को लागू नहीं किया। सरकार के वकील ने बताया कि संबंधित जिलों में विशेष टास्क फोर्स गठित नहीं की गई और इस संबंध में कोई बैठक भी नहीं हुई। अदालत ने कहा कि सरकारी अधिसूचनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रह सकतीं। उसने मेघालय के पुलिस महानिदेशक को निर्देशों के क्रियान्वयन की जांच करने को कहा है। राज्य सरकार से यह भी शपथपत्र मांगा गया है कि हिंसा पीड़ितों के लिए मुआवजा योजना तैयार की गई है या नहीं। मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर, 2026 को होगी।