इम्फाल, 29 नवंबर: मणिपुर में तीन साल से अधिक समय से राहत शिविरों में रह रहे हजारों विस्थापित मैतेई लोग रविवार को अपने गांवों में सुरक्षित वापसी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और मणिपुर सरकार से जल्द पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की।
एपेक्स कमेटी ऑफ मैतेई आईडीपीज के नेतृत्व में निकाला गया प्रदर्शन मार्च केशमपाट से शुरू होकर थांगमेइबंद के थाउ खेल मैदान में समाप्त हुआ। इसमें विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के साथ छोटे बच्चों ने भी हिस्सा लिया।
प्रदर्शनकारियों ने मांगों वाले प्लेकार्ड लेकर लंबे समय से जारी विस्थापन खत्म करने की अपील की। उनका कहना है कि हजारों परिवार तीन साल से अधिक समय से राहत शिविरों में रह रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने गांव लौटने के बारे में केंद्र या राज्य सरकार से कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला है। उनका आरोप है कि सुरक्षित वापसी के लिए दोनों सरकारों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
इम्फाल पूर्व जिले के इकौ निवासी लोंजाम बसंत ने कहा कि वह इस समय सावोमबुंग राहत शिविर में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों में लंबे समय तक रहने से विस्थापित परिवारों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ा है और कई लोग चिंता व अवसाद का सामना कर रहे हैं।
बसंत ने आरोप लगाया कि राहत शिविरों में रहते हुए कुछ विस्थापित लोगों ने आत्महत्या भी की है। उन्होंने कहा कि सहनशक्ति की सीमा पार होने के बाद ही लोग प्रदर्शन के लिए सड़कों पर आने को मजबूर हुए हैं।
उन्होंने बताया कि मार्च के बाद एक बैठक कर कई प्रस्ताव पारित किए जाएंगे और उन्हें भारत सरकार तथा मणिपुर सरकार को भेजा जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने विस्थापित परिवारों के सम्मानजनक जीवन के संवैधानिक अधिकार की रक्षा करते हुए उनके गांवों में सुरक्षित पुनर्वास सुनिश्चित करने की मांग की।
एपेक्स कमेटी ऑफ मैतेई आईडीपीज के तहत चुराचांदपुर मैतेई यूनाइटेड कमेटी, मैतेई काउंसिल मोरेह, मैतेई पीड़ित सुरक्षा समिति मोरेह, मैतेई यूनियन कांगपोकपी जिला और प्रभावित गांवों के प्रतिनिधि संगठन शामिल हैं।