कोकराझार, 17 नवंबर: कोकराझार की विशेष अदालत ने नाबालिगों के यौन उत्पीड़न के दो अलग-अलग मामलों में दोषी पाए गए दो लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश नूरजमाल हक की अदालत ने मंगलवार को यह फैसला सुनाया। दोनों मामले गोसाईगांव पुलिस थाने में दर्ज किए गए थे।
सजा पाने वालों में गोसाईगांव उपमंडल के सराबिल बालापारा निवासी 45 वर्षीय खगेन मुसाहारी और इसी उपमंडल के भोदियागुरी निवासी 61 वर्षीय आइनाल शेख शामिल हैं।
अदालत में पेश मामले के विवरण के अनुसार, खगेन मुसाहारी ने 14 अप्रैल 2026 को घर के पास खेल रही 5 वर्षीय बच्ची को लालच देकर अपने घर के एक कमरे में ले जाकर उसका यौन उत्पीड़न किया था। बच्ची के परिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद गोसाईगांव थाने में पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
दूसरे मामले में आइनाल शेख पर 22 सितंबर 2025 को 16 वर्षीय किशोरी का यौन उत्पीड़न करने का आरोप था। आरोप के अनुसार, किशोरी अपनी दादी के घर जा रही थी। इसी दौरान उन्होंने रास्ते में उसे रोककर पास के सागौन के बागान में ले जाकर उसका यौन उत्पीड़न किया था।
दोनों मामलों की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने दोनों आरोपितों को दोषी ठहराते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई।