कार्बी आंगलोंग, 17 नवंबर: मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को कार्बी आंगलोंग जिले के लांगवोकू में असम के दूसरे सैनिक स्कूल की आधारशिला रखी। यह कार्यक्रम कार्बी आंगलोंग के ग्रैंड सिल्वर जुबली समारोह के तहत आयोजित किया गया।
प्रस्तावित सैनिक स्कूल के निर्माण पर कुल 336 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह राशि रक्षा मंत्रालय उपलब्ध कराएगा, जबकि राज्य के लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई है।
करीब 44 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाले इस संस्थान का निर्माण 30 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्कूल में 640 विद्यार्थियों और कैडेटों के रहने की व्यवस्था होगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस इस सैनिक स्कूल में विद्यार्थियों को सैन्य बलों और राष्ट्रीय सेवा के क्षेत्र में करियर के लिए तैयार किया जाएगा। सैनिक स्कूलों में सामान्य शिक्षा के साथ अनुशासन, शारीरिक क्षमता और नेतृत्व कौशल के विकास पर भी जोर दिया जाता है।
इस संस्थान के शुरू होने से कार्बी आंगलोंग और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सैनिक स्कूल में पढ़ाई का अवसर मिलने की उम्मीद है।