शिवसागर, 18 नवंबर: सदौ ताई अहोम छात्र संघ (आटासु) ने शिवसागर शहर के दौलमुख चौराहे पर अहोम समुदाय के बीच विभाजन पैदा करने की साजिश का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सांसद एवं मंत्री योगेन मोहन का पुतला फूंककर विरोध जताया।
आटासु का आरोप है कि पिछले रविवार को मोरानहाट के जजली में आयोजित अहोम समुदाय के ताई-मो लोगों के सम्मेलन में पारित कई प्रस्ताव समुदाय में विभाजन पैदा कर सकते हैं।
संगठन ने खास तौर पर अहोम समुदाय में शामिल फुकन, देओधाई और बाइलुंग समुदायों को अलग से जनजाति का दर्जा देने की मांग से जुड़े प्रस्तावों पर आपत्ति जताई। आटासु ने आरोप लगाया कि इन प्रस्तावों के पीछे योगेन मोहन समेत कुछ लोगों की साजिश है।
प्रदर्शन स्थल पर आटासु के 100 से अधिक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ‘अहोम समुदाय को बांटने की साजिश बंद करो’ और ‘योगेन मोहन हाय हाय’ जैसे नारे लगाए। संगठन ने चेतावनी दी कि समुदाय की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।