गुवाहाटी, 19 नवंबर: बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक दर्शन रावल गुवाहाटी के बोरझार स्थित लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। हवाई अड्डे से बाहर आने पर प्रशंसकों ने फूलों के गुलदस्ते और असमिया गमछे से उनका स्वागत किया।
दर्शन रावल 20 नवंबर को मेघालय के शिलॉन्ग में आयोजित होने वाले चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल 2026 में संगीत प्रस्तुति देंगे। उन्होंने कहा कि वह पहली बार शिलॉन्ग में प्रस्तुति देने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
20 और 21 नवंबर को होगा फेस्टिवल
दो दिवसीय चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल 20 और 21 नवंबर को भोइरिमबोंग के मदन कुरकलांग खेल परिसर में आयोजित होगा। पहले दिन दर्शन रावल के साथ अमेरिकी रैपर नेली, पॉप-रॉक बैंड बॉयज लाइक गर्ल्स और इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक जोड़ी ALTÉGO प्रस्तुति देंगे।
दूसरे दिन आर एंड बी कलाकार खालिद, रैपर स्वे ली, स्वीडिश इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक जोड़ी गैलेंटिस और रेट्रो-पॉप कलाकार एलियट जेम्स रे मंच पर होंगे। उत्तर-पूर्व और देश के अन्य हिस्सों के कलाकार व बैंड भी प्रस्तुति देंगे।
फेस्टिवल में संगीत के अलावा स्थानीय भोजन मेला, कला प्रदर्शनी, फैशन शो, कॉस्प्ले प्रतियोगिता, बीटबॉक्सिंग, आर्म रेसलिंग और कई फिटनेस चैलेंज भी आयोजित किए जाएंगे।
एक दिन के सामान्य प्रवेश टिकट की कीमत 3,199 रुपये से शुरू है। वीआईपी, फैनपिट, वीआईपी+, बैकस्टेज और सीबी लाउंज समेत अलग-अलग श्रेणियों के टिकट उपलब्ध हैं। दो दिन के सामान्य पास की कीमत 6,199 रुपये से शुरू है, जिसमें 18 प्रतिशत जीएसटी और बुकिंग शुल्क शामिल है।