गरैमरी: दक्षिण कामरूप के चमरिया विधानसभा क्षेत्र में गरैमरी राज फाउंडेशन की पहल और ब्रह्मपुत्र वैली अकादमी, गरैमरी के सहयोग से आयोजित 11वें वार्षिक अधिवेशन की उद्घाटन सभा में नुरुल इस्लाम समेत कई विशिष्ट लोगों को ‘ब्रह्मपुत्र वैली अकादमी-2026’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उप-संपादक नुरुल इस्लाम, पत्रकार विश्वजीत दास, गुवाहाटी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर अबुबक्कर सिद्दिक और दक्षिण कामरूप के बानगांव की गायिका सायनिका कलिता को सम्मानित किया गया।

असम खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत कलिता ने मुख्य अतिथि के रूप में यह विशेष सम्मान प्रदान किया। पत्रकारिता, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए इन लोगों को सम्मानित किया गया।

17 अक्टूबर से शुरू हुए इस पांच दिवसीय अधिवेशन में विद्यार्थियों ने जुबिन गर्ग की स्मृति में सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाली। कार्यक्रम में जुबिन के गीतों के अलावा खेलकूद, नृत्य-गीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं।

रात में आयोजित कार्यक्रमों के साथ अधिवेशन का समापन हुआ। इसमें हजारों लोग, अभिभावक, विद्यार्थी तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।