गुवाहाटी, 22 नवंबर: कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर असम समेत देशभर में ‘संविधान रक्षा पदयात्रा’ निकाली जाएगी। गुवाहाटी में यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे मानवेन्द्र शर्मा कॉम्प्लेक्स में होगा।
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-पर्यवेक्षक मनोज चौहान ने राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस तथा इंडिया ब्लॉक के सहयोगी दल पिछले कई महीनों से लगातार विरोध कार्यक्रम चला रहे हैं।
चौहान ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर वोट चोरी के जरिए सरकार बनाई है और देश के लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश वाली समिति बनाने का निर्देश दिया था। चौहान के अनुसार, केंद्र सरकार ने संसद में कानून बनाकर मुख्य न्यायाधीश की जगह एक कैबिनेट मंत्री को शामिल कर इस व्यवस्था को बदल दिया।
चौहान ने लोगों से पदयात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस की तीन मांगें भी दोहराईं—मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, 13 करोड़ 30 लाख मतदाताओं के नाम काटने से जुड़ी पूरी एसआईआर प्रक्रिया रद्द करना और भविष्य के सभी लोकसभा व विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराना।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष वेदब्रत बोरा ने गुवाहाटी के कार्यक्रम की जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष ऋतुपर्ण कोंवर और सचिव घन चुटिया भी मौजूद रहे।