तिनसुकिया: दुलियाजान के तिहरे हत्याकांड की जांच में डिब्रूगढ़ पुलिस ने तिनसुकिया के तीनकोनिया स्थित एक होटल को भी जांच के दायरे में लिया है। पुलिस दोनों आरोपितों को साथ लेकर होटल पहुंची और मामले से उसके संभावित संबंधों की पड़ताल की।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले या वारदात के बाद आरोपितों का इस होटल से कोई संबंध था या नहीं। होटल से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
डिब्रूगढ़ पुलिस की एक बड़ी टीम ने दूसरी बार दोनों आरोपितों को साथ लेकर तिनसुकिया के अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाया और जांच की। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या के पीछे किसी अन्य व्यक्ति का हाथ था या घटना से जुड़ी कोई अहम जानकारी सामने आती है।
गौरतलब है कि 16 नवंबर को दुलियाजान के कमलाबाड़ी में एक घर के भीतर पिता, मां और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने शिमलुगुड़ी रेलवे स्टेशन से दो आरोपितों राजू दास और आमिर दास को हिरासत में लिया था।