नई दिल्ली, 23 नवंबर: कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने वाले लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। केवल ब्राउजर का टैब या विंडो बंद करने से WhatsApp अकाउंट लॉग-आउट नहीं होता। ऐसे में कोई अन्य व्यक्ति अकाउंट में अनधिकृत रूप से प्रवेश कर निजी संदेश पढ़ सकता है और उपयोगकर्ता की पहचान का गलत इस्तेमाल कर ठगी कर सकता है।
इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के तहत नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने 23 नवंबर को सुरक्षा सलाह जारी कर यह चेतावनी दी। इकाई ने बताया कि WhatsApp Web पर सक्रिय और प्रमाणित सेशन का फायदा उठाकर साइबर अपराधी उपयोगकर्ता के अकाउंट पर नियंत्रण हासिल कर सकते हैं।
अनधिकृत पहुंच मिलने पर हैकर निजी संदेश, संपर्क सूची और ग्रुप चैट देख सकते हैं। वे अकाउंट मालिक की पहचान का इस्तेमाल कर उसके परिचितों को संदेश भी भेज सकते हैं। इससे फिशिंग, ठगी और सोशल इंजीनियरिंग के जरिए साइबर अपराध का खतरा रहता है।
I4C ने सलाह दी है कि WhatsApp Web का इस्तेमाल पूरा होने पर हर बार खुद लॉग-आउट करें। ऑफिस के कंप्यूटर, सार्वजनिक कंप्यूटर, साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर या किसी दूसरे व्यक्ति के लैपटॉप पर इसका इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
इकाई ने सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय या अन्य गोपनीय जानकारी कंप्यूटर पर WhatsApp Web के जरिए साझा नहीं करने की सलाह दी है। साझा कंप्यूटर पर जरूरत पड़ने पर ब्राउजर का Incognito या Private Browsing Mode इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसके बाद भी लॉग-आउट करना जरूरी है।
अपने नंबर से अनजान संदेश भेजे जाने, परिचितों से असामान्य जवाब मिलने या किसी संदिग्ध गतिविधि के दिखने पर सतर्क रहने को कहा गया है। मोबाइल, कंप्यूटर, ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सुरक्षा सॉफ्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा अनजान फाइल, संदिग्ध डाउनलोड और संशोधित सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल से बचने की भी सलाह दी गई है।