गुवाहाटी, 23 नवंबर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने असम सिविल सेवा की निलंबित अधिकारी नुपुर बोरा की 70.09 लाख रुपये की चल और अचल संपत्ति अस्थायी रूप से जब्त की है। यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई है।

ईडी के गुवाहाटी क्षेत्रीय कार्यालय-I ने बताया कि बरपेटा में सर्किल अधिकारी के रूप में कार्यकाल के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच के तहत यह कदम उठाया गया है। ईडी की जांच मुख्यमंत्री के विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ के अधीन सतर्कता पुलिस थाने में नुपुर बोरा और अन्य के खिलाफ दर्ज मामले के आधार पर शुरू हुई थी।

सतर्कता पुलिस ने 12 नवंबर 2025 को नुपुर बोरा के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। इसके बाद 31 मार्च 2026 को उनके पति गगन चंद्र कलिता, पिता किनाराम बोरा और लाट मंडल सुरजीत डेका के खिलाफ गुवाहाटी स्थित विशेष न्यायाधीश की अदालत में पूरक आरोपपत्र दाखिल किया गया।

आरोपपत्र के अनुसार, 17 जनवरी 2019 से 15 सितंबर 2025 के बीच नुपुर बोरा ने अपनी ज्ञात आय के स्रोतों की तुलना में 4.01 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की। यह राशि उनकी कुल ज्ञात आय का 458.64 प्रतिशत बताई गई है।

ईडी का आरोप है कि सर्किल अधिकारी के रूप में कार्यकाल के दौरान नुपुर बोरा ने बड़ी मात्रा में बेहिसाब नकदी जुटाई और उसे अपने, पिता तथा पति के बैंक खातों में जमा कराया। एजेंसी के अनुसार, अधीनस्थ कर्मचारी सुरजीत डेका और उनके पिता के बैंक खातों के जरिए भी धन का लेन-देन किया गया, जिसे बाद में नुपुर बोरा के होम लोन और बचत खाते में भेजा गया।

जांच एजेंसी ने कहा कि कथित तौर पर अवैध धन को बैंकिंग प्रणाली के जरिए म्यूचुअल फंड, जीवन बीमा प्रीमियम और जमीन खरीद में लगाया गया। जब्त संपत्तियों में नुपुर बोरा के नाम पर 13.45 लाख रुपये के एसबीआई म्यूचुअल फंड यूनिट, 21.64 लाख रुपये की तीन जीवन बीमा पॉलिसियां तथा माज जालुकबारी और गरल गांव में दो भूखंडों के खरीद समझौतों के लिए दिए गए 35 लाख रुपये के अग्रिम शामिल हैं। गुवाहाटी के एक फ्लैट के लिए दिए गए धन की भी जांच की जा रही है।

इससे पहले 2 अप्रैल 2026 को गुवाहाटी की विशेष न्यायाधीश अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 107 के तहत करीब 2.92 करोड़ रुपये की नकदी, सोना-गहने, फ्लैट, जमीन, वाहन और बैंक में जमा धन जब्त करने का आदेश दिया था। ईडी के अनुसार, पीएमएलए और मूल मामले को मिलाकर अब तक करीब 3.62 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। मामले की जांच जारी है।