इम्फाल, 23 नवंबर: मणिपुर के इम्फाल पूर्व जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलेपाक (यूपीपीके) के स्वयंभू अध्यक्ष कंथौजाम होमेश्वर सिंह उर्फ चिनखेई (66) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मणिपुर पुलिस की स्पेशल सीडीओ यूनिट ने घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान खुराई चिंगंगबाम लैराक इलाके में स्थित उनके घर से उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति खुद को प्रतिबंधित संगठन यूपीपीके का अध्यक्ष बताता था।

गिरफ्तारी के बाद चलाए गए एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने इम्फाल पूर्व जिले के खुराई थौदाम लेइकाई इलाके में टोनामबाम लुखोई सिंह के घर से .32 कैलिबर की एक पिस्तौल, एक मैगजीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए।

जांच एजेंसियों ने गिरफ्तार व्यक्ति और बरामद हथियारों के बीच संबंध को लेकर अभी विस्तृत जानकारी नहीं दी है। मामले की जांच जारी है।