3 नवंबर: दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग को बेहतर इलाज के लिए मुंबई ले जाने की योजना बनाई जा रही है। दोबारा तबीयत बिगड़ने के बाद वह फिलहाल गुवाहाटी के एक अस्पताल में भर्ती हैं।
उनके स्वास्थ्य को लेकर परिवार, रिश्तेदार और प्रशंसक चिंतित हैं। डॉक्टर हितेश बरुआ ने उनकी हालिया स्थिति पर टिप्पणी करते हुए बताया कि गरिमा मानसिक रूप से काफी परेशानी का सामना कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
31 अक्टूबर को नूनमती स्थित असम जातीय विद्यालय के एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान गरिमा अचानक अस्वस्थ हो गई थीं। विद्यालय परिसर में उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें गुवाहाटी के Nemcare Hospital में भर्ती कराया गया।
उनके बेहतर इलाज के लिए आगे की व्यवस्था पर चर्चा चल रही है। इसी क्रम में उन्हें मुंबई ले जाने की योजना की जानकारी सामने आई है।
डॉक्टर हितेश बरुआ ने क्या कहा?
डॉक्टर हितेश बरुआ ने बताया कि गरिमा ने रोते हुए उनसे अपनी मानसिक परेशानी साझा की थी। उनके शब्दों का उल्लेख करते हुए डॉक्टर ने कहा कि गरिमा ने उनसे कहा था, “मैं शायद जीवित नहीं रहूंगी।”
डॉक्टर के मुताबिक, विभिन्न सवालों और परिस्थितियों के कारण गरिमा मानसिक रूप से असहज महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर होने के लिए गरिमा को मानसिक आराम, नियमित खानपान और उचित देखभाल की जरूरत है।