नई दिल्ली, 26 नवंबर: कॉकरेच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरभ दास के खिलाफ मुंबई पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली हाईकोर्ट को यह जानकारी दी है।
दास को हाल में दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोका गया था। वह 23 नवंबर की रात ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के छात्र संगठन ऑक्सफोर्ड यूनियन के निमंत्रण पर एक चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लंदन जा रहे थे।
आव्रजन विभाग ने उनके पासपोर्ट में दर्ज जानकारी में विसंगति का हवाला देते हुए उन्हें यात्रा की अनुमति नहीं दी थी। दास का कहना था कि तय उड़ान से सिर्फ पांच घंटे पहले उन्हें पासपोर्ट के संबंध में कारण बताओ नोटिस भेजा गया था। नोटिस में जन्मस्थान की जानकारी में विसंगति का उल्लेख था। उन्होंने इस कार्रवाई को राजनीतिक मकसद से प्रेरित बताया था।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, कानून-व्यवस्था से जुड़ी एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उन्हें सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया था और जवाब दाखिल होने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई थी। नोटिस में पासपोर्ट जब्त करने की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना का भी जिक्र था।
यात्रा से रोके जाने के बाद दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया था। उनके वकील ने दलील दी कि हवाई अड्डे पर उन्हें रोकने के लिए कोई लिखित आदेश नहीं दिखाया गया। दूसरी ओर, गृह मंत्रालय ने कोर्ट को मुंबई पुलिस की ओर से एलओसी जारी होने की जानकारी दी। केंद्र सरकार का पक्ष सुनने के बाद कोर्ट ने मामले को अगली सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया।
दास ने बताया था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड के अलावा कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और एडिनबर्ग विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों में भी शामिल होना था। इन कार्यक्रमों में वह भारत के ‘कॉकरेच मूवमेंट’ और उसके अहिंसक आंदोलन पर चर्चा करने वाले थे। मामला फिलहाल अदालत के विचाराधीन है।