2007 के नरेंगी सेना छावनी हत्याकांड में कामरूप जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने असम गण परिषद (अगप) के नेता जिंतु चौधरी को दोषी करार दिया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के जूनियर इंजीनियर अजय डेका की हत्या के मामले में यह फैसला 19 वर्ष बाद आया है।
अदालत ने मामले के पांच अन्य आरोपियों रिंटू चौधरी, आकन कुमार दास, अमर थापा, अनिल सरनिया और सुभाष रॉय को बरी कर दिया। आरोपी अनिल सरनिया की सुनवाई के दौरान ही मौत हो गई थी।
जिंतु चौधरी को दोषी ठहराने के बाद पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। विशेष सरकारी अधिवक्ता ने बताया कि गुरुवार को सजा तय की जाएगी।
दिसपुर पुलिस थाने में वर्ष 2007 में इस संबंध में केस नंबर 885/2007 दर्ज किया गया था। अजय डेका की हत्या के आरोप में कुल छह लोगों के नाम मामले में शामिल थे।
पत्नी ने फैसले पर जताई असंतुष्टि
फैसले के बाद अजय डेका की पत्नी ने कहा कि 19 वर्ष बाद न्याय का एक हिस्सा मिलने से उन्हें कुछ राहत मिली है, लेकिन मुख्य आरोपी होने का दावा किए जाने वाले रिंटू चौधरी के बरी होने से वह संतुष्ट नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि रिंटू चौधरी ने उनके पति को रुपये लौटाने की बात कहकर बुलाया था। इसके बाद अन्य लोगों के साथ मिलकर उनकी हत्या की गई।
उन्होंने रस्सी खरीदने से जुड़े तथ्यों और अन्य गवाहियों का उल्लेख करते हुए बाकी आरोपियों के बरी होने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी को सजा मिलने पर ही उन्हें पूरी संतुष्टि होती। जरूरत पड़ने पर वह आगे हाईकोर्ट का रुख करेंगी।