ऑल असम मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (एएएमटीए) ने राज्य सरकार को मांगें पूरी करने के लिए 25 नवंबर तक का समय दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो 26 नवंबर से असम में व्यावसायिक वाहनों का अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा।

यह फैसला गोलाघाट में आयोजित संगठन की आपातकालीन कार्यकारिणी बैठक में लिया गया। संगठन का कहना है कि 13 नवंबर को काजीरंगा के रंगाजन में हुई भीषण सड़क दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग की ओर से वाहन कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उठाए गए कदमों से व्यावसायिक वाहन मालिकों को परेशानी हो रही है।

संगठन की प्रमुख मांगें

संगठन ने स्पीड लिमिटिंग डिवाइस (एसएलडी) और वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलडीटी) लगाने वाली संस्थाओं को सरकारी मंजूरी और नियंत्रण के दायरे में लाने की मांग की है। साथ ही हर जिले में सरकारी मान्यता प्राप्त केंद्रों के जरिए वाहनों की फिटनेस जांच और प्रमाणपत्र जारी करने की व्यवस्था करने की मांग उठाई गई है।

एएएमटीए ने ई-चालान से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए उचित व्यवस्था करने और परिवहन अपीलीय न्यायाधिकरण गठित करने की मांग भी रखी है। संगठन ने परमिट नवीनीकरण की प्रक्रिया आसान करने, बढ़े हुए कर और शुल्क में राहत देने तथा महंगाई के अनुरूप यात्री वाहनों का किराया संशोधित करने की मांग की है।

इसके अलावा सरकारी कार्यक्रमों में इस्तेमाल किए गए वाहनों का बकाया भुगतान जल्द करने और 20 वर्ष से अधिक पुराने व्यावसायिक वाहनों को कबाड़ करने के संबंध में स्पष्ट नीति बनाने की मांग की गई है।

चक्का जाम लागू होने पर यात्री बसों, सिटी बसों, टैक्सियों, मैजिक, ऑटो रिक्शा और मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रभावित हो सकता है। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को परेशानी होने की आशंका है। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है।

संगठन ने कहा है कि 25 नवंबर तक सरकार के साथ कोई प्रभावी बातचीत नहीं हुई तो 26 नवंबर से अनिश्चितकालीन चक्का जाम कार्यक्रम लागू किया जाएगा।