बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाकों में किए गए हमलों में 20 पाकिस्तानी सैनिकों और उनके सहयोगियों के मारे जाने का दावा किया है। संगठन ने सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर 11 ड्रोन हमले करने की भी बात कही है।
BLA के प्रवक्ता जियांद बलोच ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि 21 नवंबर को नुशकी के हाजदा खोल इलाके में पाकिस्तानी सेना की 93 विंग के शिविर पर हमला किया गया। संगठन के अनुसार, उसके QAHR हवाई समूह और फतेह स्क्वॉड ने इस अभियान को अंजाम दिया।
बयान में दावा किया गया कि हमले की शुरुआत में QAHR समूह ने ड्रोन की मदद से सैन्य ठिकाने पर 11 हमले किए। इसके बाद अन्य सदस्यों ने कई दिशाओं से भारी हथियारों से हमला किया। BLA के मुताबिक, शिविर में 8 सैनिक मारे गए और 7 घायल हुए। संगठन ने रेको और हारुनी के सैन्य शिविरों की ओर जा रहे सेना के काफिले पर भी हमला करने का दावा किया है।
BLA ने कहा कि जारिन जंगल में एक पुल को विस्फोट से उड़ा दिया गया, जिससे पाकिस्तानी सेना कई घंटों तक अतिरिक्त बल नहीं भेज सकी। संगठन के अनुसार, नुशकी अभियान में कुल 13 सैनिक मारे गए और 11 से अधिक घायल हुए।
संगठन ने 21 नवंबर को मस्तुंग के गुरगिना इलाके में आगे बढ़ रही पाकिस्तानी सेना पर पहले IED विस्फोट करने और फिर तीन जगहों पर सशस्त्र हमला करने का भी दावा किया। उसके मुताबिक, इस हमले में 5 सैनिक मारे गए, कई घायल हुए और सेना के वाहनों को नुकसान पहुंचा।
BLA ने 22 नवंबर को चागाई जिले के तालो बरतागजी इलाके में क्वेटा-ताफ्तान व्यापारिक मार्ग बंद कर तलाशी अभियान चलाने, 2 वाणिज्यिक वाहन जब्त करने और एक सैन्य काफिले पर हमला करने की जिम्मेदारी भी ली। हालांकि, इसमें हताहतों की संख्या नहीं बताई गई। पाकिस्तान की सेना या सरकारी अधिकारियों ने इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है।