गुवाहाटी, 4 नवंबर:
बिलास इन हत्याकांड के आरोपी घनकांत गोगोई की शिवसागर के फूलपानीछिगा के पास पुलिस गोलीबारी में मौत के बाद भराली परिवार के सदस्यों ने राहत जताई है। परिवार का कहना है कि आरोपी की मौत की खबर से अपनों को खोने का दर्द कुछ कम हुआ है और उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे न्याय मिला हो।
26 अक्टूबर की रात गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके में स्थित बिलास इन होटल में हुई घटना में पांच लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में हेलेना बी भराली, उनके बेटे देवर्षि ईशान कश्यप, बहू रिनिका, हेलेना के भाई भूदेव भराली और होटल के देखरेखकर्ता नारायण दास शामिल थे।
भूदेव भराली की बेटी ने मीडिया से कहा कि परिवार इस खबर का इंतजार कर रहा था। पिता, बुआ और अन्य रिश्तेदारों को खोने का दुख अपनी जगह है, लेकिन घनकांत की मौत की खबर से कुछ राहत मिली है।
वहीं, मृतक नारायण दास के बेटे ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिता समेत पांच लोगों की हत्या के बाद परिवार आरोपी को सजा मिलने का इंतजार कर रहा था। घनकांत की मौत की खबर सुनकर उन्हें राहत महसूस हुई।
पुलिस के मुताबिक, घनकांत को 2024 में डिमौ पुलिस थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। प्रोडक्शन वारंट के आधार पर उसे डिमौ ले जाया जा रहा था।
पुलिस का दावा है कि बुधवार तड़के करीब 3.10 बजे फूलपानीछिगा के पास वाहन रुकने पर घनकांत ने एक पुलिस अधिकारी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की। शिवसागर के पुलिस अधीक्षक के अनुसार, इस दौरान हुई हाथापाई में तीन राउंड गोलियां चलीं और एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए दूसरे अधिकारी ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे घनकांत की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उसके शरीर में दो गोलियां लगी थीं। घायल पुलिस अधिकारी देवाशीष शर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया।