गुवाहाटी, 28 नवंबर: असम में एनडीए 3.0 सरकार के 200 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य सरकार की योजनाओं, निवेश, बुनियादी ढांचा विकास और सुरक्षा व्यवस्था का ब्योरा दिया। शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी एक विस्तृत संदेश में उन्होंने इस अवधि के कामकाज और भविष्य की विकास प्राथमिकताओं का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने असम के लोगों के भरोसे और सहयोग के लिए आभार जताते हुए ‘विकसित असम’ बनाने के लक्ष्य को दोहराया। उन्होंने अरुणोदय 3.0, नियुत मोइना और नियुत बाबू जैसी कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। छात्रों की सहायता और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्कूटी वितरण कार्यक्रम का भी उन्होंने उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि सरकारी नियुक्तियों में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही उत्पादन, तकनीक, उद्योग और उद्यमिता के जरिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर दिया जा रहा है।

उद्योग और निवेश के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने जागीरोड में विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का उल्लेख किया। उन्होंने प्रस्तावित रक्षा पार्क, रंगिया में रक्षा सामग्री निर्माण उद्योग तथा जोरहाट और सिलचर में स्थापित होने वाले डाटा सेंटरों की भी जानकारी दी।

बराक घाटी में संपर्क व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए डोलू ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी और गहपुर-नुमलीगढ़ सुरंग परियोजना को महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा पहल बताया गया। मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्रस्तावित प्रोटॉन थेरेपी सुविधा का भी जिक्र किया।

सुरक्षा के मोर्चे पर उन्होंने असम पुलिस के आधुनिकीकरण और हाल में शुरू हुई स्मार्ट रिस्पांस यूनिट का उल्लेख किया। इस इकाई में विशेष रूप से प्रशिक्षित अर्बन इंटरवेंशन यूनिट और जंगल इंटरवेंशन यूनिट शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने श्रीमंत शंकरदेव, लाचित बरफुकन और भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के योगदान का उल्लेख करते हुए असम की सांस्कृतिक विरासत और पहचान के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने खेल महारण जैसे कार्यक्रमों का भी जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये 200 दिन केवल शुरुआत हैं। राज्य सरकार ऐसे असम के निर्माण के लिए काम करती रहेगी, जहां परिवार सुरक्षित महसूस करें, बच्चों को बेहतर अवसर मिलें और युवाओं को अपने सपने पूरे करने के लिए राज्य के भीतर ही अवसर मिल सकें।