गुवाहाटी, 26 नवंबर 2026: ऑल असम मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (एएएमटीए) के अनिश्चितकालीन चक्का जाम के कारण गुरुवार सुबह से गुवाहाटी समेत असम के विभिन्न हिस्सों में व्यावसायिक परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। सुबह 6 बजे शुरू हुए आंदोलन के चलते सिटी बस, मैजिक, ऑटोरिक्शा और लंबी दूरी की यात्री गाड़ियों का परिचालन बंद या सीमित हो गया।

खानापाड़ा, आईएसबीटी, पलटन बाजार, गणेशगुड़ी और जालुकबाड़ी समेत गुवाहाटी के कई इलाकों में यात्रियों को वाहनों के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, विद्यार्थी और पर्यटक विशेष रूप से परेशान रहे। काजीरंगा जाने के लिए पहले से बस बुक कर चुके पर्यटकों की यात्रा भी अनिश्चित हो गई।

जुर्माने और उपकरणों की व्यवस्था को लेकर विरोध

एसोसिएशन ने परिवहन विभाग की ओर से व्यावसायिक वाहनों पर लगाए जा रहे जुर्माने तथा स्पीड लिमिटिंग डिवाइस (एसएलडी) और व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) लगाने में कथित अनियमितताओं के विरोध में चक्का जाम का आह्वान किया है।

संगठन की मांग है कि एसएलडी और वीएलटीडी लगाने में मौजूद खामियों और एकाधिकार वाली व्यवस्था को समाप्त किया जाए। इसके अलावा हर जिले में वाहन फिटनेस जांच केंद्र स्थापित करने, व्यावसायिक वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने, पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से जुर्माने के नाम पर कथित परेशानियां बंद करने, परिवहन कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और यात्री किराये में बढ़ोतरी की मांग भी रखी गई है।

एसोसिएशन ने मांगों के समाधान के लिए सरकार को 25 नवंबर तक का समय दिया था। संगठन का आरोप है कि तय समय तक उचित समाधान नहीं मिलने पर उसे अनिश्चितकालीन चक्का जाम का फैसला करना पड़ा।

आयुक्त-सचिव के साथ बैठक

चक्का जाम वापस लेने और मांगों के समाधान के लिए 26 नवंबर को दोपहर 1 बजे परिवहन विभाग के आयुक्त-सचिव आकाश दीप के साथ एसोसिएशन की बैठक होनी है। संगठन के महासचिव धन दत्त पहले ही कह चुके हैं कि एसोसिएशन केवल मौखिक आश्वासन नहीं, बल्कि मांगों का स्थायी समाधान चाहता है। बैठक के नतीजे पर ही चक्का जाम जारी रखने या वापस लेने का फैसला निर्भर करेगा।

चक्का जाम के बीच शहर में सीमित रूप से एएसटीसी और ग्रीन बसों का परिचालन होने की सूचना है। उबर, ओला और रैपिडो की कैब, ऑटो तथा बाइक टैक्सी सेवाएं भी आंशिक रूप से उपलब्ध रहीं, हालांकि कुछ यात्रियों ने मांग बढ़ने से किराया अधिक होने की शिकायत की।

गुवाहाटी, कामाख्या जंक्शन, नारेंगी, पानीखाइती और चांगसारी के बीच आवागमन के लिए स्थानीय ट्रेन सेवा को भी विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। उत्तर गुवाहाटी के लिए फेरी सेवा भी उपलब्ध है। व्यावसायिक वाहनों के प्रभावित परिचालन का असर दैनिक यात्रियों के साथ पर्यटन और कारोबार पर भी पड़ा है।