नई दिल्ली, 29 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के नेता-कार्यकर्ताओं से सुशासन का लाभ समाज के जमीनी स्तर तक पहुंचाने और आम लोगों के साथ पार्टी का संपर्क मजबूत करने का आह्वान किया।
नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय संगठनात्मक कार्यशाला के समापन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने लोगों से जुड़ाव बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। यह कार्यशाला शुक्रवार को शुरू हुई थी और शनिवार को समाप्त हुई।
कार्यशाला का उद्देश्य पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को अधिक प्रभावी बनाना, सुशासन के लाभों का जमीनी स्तर तक विस्तार करना और पार्टी के समर्थन आधार को व्यापक बनाना था। समापन पर भाजपा की ओर से जारी बयान में पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया। इसमें 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप विकास कार्य जारी रखने की बात भी कही गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यशाला में कई घंटे बिताए और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने अपने संगठनात्मक अनुभव साझा किए और पार्टी के कामकाज व जनसंपर्क को मजबूत बनाने के सुझाव दिए। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष की ओर से दुष्प्रचार किए जाने के भाजपा के दावे का जवाब देने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
कार्यशाला में महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित परिसीमन विधेयक और इसके जरिए महिलाओं के सशक्तीकरण की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी और पार्टी की चुनावी रणनीति तैयार करना भी संगठनात्मक चर्चा का हिस्सा रहा।
कार्यशाला में भाजपा के 110 से अधिक राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राज्य प्रभारियों ने हिस्सा लिया। नए नियुक्त पार्टी पदाधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए इसका आयोजन किया गया था। शुक्रवार को राम माधव ने प्रारंभिक संबोधन दिया, जबकि शनिवार को बी एल संतोष, शिव प्रकाश और विनय सहस्रबुद्धे ने संबोधित किया।