दक्षिण कामरूप के छमरिया विधानसभा क्षेत्र के सरलासूंति चर में जमीन को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में दोनों पक्षों के 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
डॉक्टरों के अनुसार, एक व्यक्ति को गंभीर हालत में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) भेजा गया है। घायल शफिकुल इस्लाम को गरैमरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसीएच रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, सरलासूंति चर की जमीन को लेकर लालचान अली और शफिकुल इस्लाम के पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोपहर में विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि लालचान अली के पक्ष के लोगों ने पहले से धारदार हथियारों से लैस होकर शफिकुल इस्लाम के पक्ष पर हमला किया, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने जवाबी हमला किया।
घटना के बाद जोरशिमुली और गरैमरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है। गरैमरी पुलिस मामले की जांच कर रही है।