चेन्नई, 29 नवंबर: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की शक्ति भाजपा को देना देश के चुनावी नक्शे का चरित्र बदलने की कोशिश है। उन्होंने इसे भारत, दक्षिण भारत और खासकर तमिलनाडु के लिए नुकसानदेह बताया।

रविवार को डीएमके अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि परिसीमन के मुद्दे पर उनकी बातचीत सौहार्दपूर्ण रही। बैठक में कांग्रेस का पक्ष स्पष्ट रूप से रखा गया।

“भाजपा ने एक बार 850 सीटों वाली लोकसभा का पुनर्गठन कर दिया तो भारत का लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।”

राहुल गांधी ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया के तहत लोकसभा सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने से भाजपा को अपनी मर्जी के अनुसार निर्वाचन क्षेत्रों का गठन करने का अवसर मिल जाएगा। उन्होंने एम के स्टालिन से तमिलनाडु के हितों की रक्षा करने की अपील भी की।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि असम और जम्मू-कश्मीर में इस तरह की प्रक्रिया का पहले ही प्रयोग किया जा चुका है और अब इसे पूरे देश में लागू करने की योजना है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

राहुल गांधी ने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए पहले के परिसीमन का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि सीमाएं बदलकर कुछ समुदायों को बांटने और विपक्ष की आवाज कमजोर करने की कोशिश की गई। उन्होंने आरएसएस पर तमिल भाषा, संस्कृति और सभ्यता के प्रति नकारात्मक रुख रखने का भी आरोप लगाया।

परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार और विपक्षी दलों के बीच जारी मतभेद के बीच राहुल गांधी के बयान से राजनीतिक बहस तेज हो गई है।