नई दिल्ली, 29 नवंबर: केरल के कांग्रेस सांसद के. सुधाकरण संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। लोकसभा में 30 नवंबर को परिसीमन विधेयक दोबारा पेश किए जाने की संभावना के बीच उनके स्वास्थ्य और दिल्ली लौटने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

सुधाकरण के बेटे संजोग ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन परिवार को उनके पिता से मिलने नहीं दे रहा है। उनका कहना है कि सुधाकरण पहले केवल डॉक्टर से सलाह लेने अस्पताल गए थे। सांस संबंधी दिक्कत के कारण डॉक्टरों ने उन्हें 48 घंटे निगरानी में रखने की बात कही थी।

संजोग के अनुसार, एक दिन पहले डॉक्टरों ने सुधाकरण की हालत में सुधार बताया था और रविवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना थी। लेकिन रविवार को परिवार को उनसे मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि डॉक्टरों से बात करने पर उन्हें पता चला कि किसी ‘बॉस’ का फोन आया था।

उन्होंने इस मामले में किसी पक्ष के हस्तक्षेप या साजिश की आशंका जताई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि परिवार को सुधाकरण से मिलने नहीं दिए जाने का आरोप गंभीर है। उन्होंने यह भी कहा कि सुधाकरण के बेटे ने केंद्र की भाजपा सरकार के हस्तक्षेप का आरोप लगाया है।

कांग्रेस के महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि लोकसभा सत्र को ध्यान में रखते हुए उन्होंने शुक्रवार को सुधाकरण के बेटे से दिल्ली लौटने को कहा था। उन्होंने बताया कि सत्र के बाद सांसद के इलाज के लिए पार्टी की ओर से सभी इंतजाम करने का आश्वासन दिया गया था।

के. सुधाकरण केरल की कन्नूर लोकसभा सीट से सांसद हैं। वह 2021 से 2024 तक केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रहे हैं।