सिमडेगा, 14 नवंबर: झारखंड के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली 15 वर्षीय किशोरी को कथित तौर पर अगवा कर विधायक के खिलाफ झूठा बयान देने के लिए दबाव बनाने के आरोप में 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी के चाचा ने 13 नवंबर को सिमडेगा जिले के पात्रतांड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 3 दिन पहले 2 लोग किशोरी को अगवा कर ले गए और उस पर विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने के लिए दबाव बनाया।

सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोट्रे ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

किशोरी ने आरोप लगाया है कि इस वर्ष मई में विधायक के परिवार के लोग पढ़ाई की व्यवस्था कराने का आश्वासन देकर उसे रांची ले गए थे। उसका दावा है कि स्कूल में दाखिला कराने के बजाय उसे विधायक के सरकारी आवास पर घरेलू काम में लगा दिया गया।

किशोरी के अनुसार, 5 अगस्त को विधायक के आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। उसने यह भी दावा किया कि इसके बाद वह गर्भवती हो गई थी और चिकित्सा जांच के दौरान पता चला कि उसका गर्भपात हो गया था। इन आरोपों के आधार पर रांची के धुर्वा थाने में भूषण बाड़ा के खिलाफ पॉक्सो कानून और किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दो बार के विधायक भूषण बाड़ा ने अपने खिलाफ लगे आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया तथा दावा किया कि कांग्रेस से निष्कासित कुछ लोगों ने यह मामला रचा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद सभी बातें स्पष्ट हो जाएंगी।