नई दिल्ली, 12 नवंबर: असम सरकार के मंत्री जयंत मल्लबरुआ ने गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के जरिए असम की मूल्यवान सांची (अगर) का निर्यात अधिक सुगम बनाने को लेकर केंद्र सरकार के दो मंत्रियों से चर्चा की।
वित्त, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा खान एवं खनिज संसाधन विभाग के मंत्री मल्लबरुआ ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने असम के वन विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय बाजार में असम की सांची की संभावनाओं को देखते हुए लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के माध्यम से इसके निर्यात की प्रक्रिया को और सुगम बनाने पर विशेष रूप से चर्चा हुई। इससे सांची उद्योग से जुड़े कारोबारियों और उत्पादकों को लाभ मिलने की संभावना है।
मल्लबरुआ ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी से भी उनके कार्यालय में मुलाकात की। बैठक में असम के खनिज संसाधनों की खोज, दोहन और उचित उपयोग के जरिए राज्य के आर्थिक विकास को गति देने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
उन्होंने खनन क्षेत्र की संभावनाओं के बेहतर उपयोग, खासकर दुर्लभ मृदा तत्वों की खोज और दोहन में केंद्र सरकार के सहयोग पर भी चर्चा की। इन चर्चाओं का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों का उचित उपयोग, निर्यात व्यवस्था में सुधार और खनिज संसाधन आधारित उद्योगों के विकास के जरिए असम की आर्थिक संभावनाओं को बढ़ाना है।