शिमला, 13 नवंबर: हिमाचल प्रदेश पुलिस ने भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ गांधी परिवार को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में पोस्ट को भड़काऊ बताते हुए आशंका जताई गई है कि इससे सार्वजनिक शांति भंग हो सकती है।
मामला शिमला निवासी सेवानिवृत्त कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर शुक्रवार को दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रनौत ने 10 नवंबर को अपने सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बेटों संजय गांधी व राजीव गांधी की मौत को लेकर बेहद भड़काऊ संकेत दिए थे।
एफआईआर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1)(बी), 353(2) और 356(2) के तहत दर्ज की गई है। शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि इसकी जांच की जाएगी।
शर्मा ने अपनी शिकायत में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बारे में पोस्ट में की गई टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि पोस्ट में भ्रामक जानकारी फैलाने, अलग-अलग समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने तथा भय या चिंता पैदा करने वाली बातें कही गईं।
शिकायतकर्ता ने पुलिस महानिदेशक को गुरुवार शाम 7.51 बजे ईमेल भेजकर पोस्ट की समयबद्ध साइबर फॉरेंसिक जांच कराने और तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।