गुवाहाटी, 15 नवंबर: असम के शिक्षा एवं जनजातीय मामलों के मंत्री डॉ. रणोज पेगु ने घोषणा की है कि गुवाहाटी में 10 नवंबर 2027 से 5 दिवसीय जनजातीय मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष राज्य में एक जनजातीय संग्रहालय भी स्थापित किया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री ने कहा कि इन पहलों के जरिए जनजातीय समाज की शिक्षा, संस्कृति और विरासत के संरक्षण को आगे बढ़ाया जाएगा।

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) के बारे में डॉ. पेगु ने बताया कि देशभर में जनजातीय विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए 25,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। असम के लिए प्रस्तावित 17 विद्यालयों में से 8 फिलहाल कार्यरत हैं।

मंत्री ने वर्ष 2026 के जनजातीय गौरव पुरस्कार के लिए 5 लोगों के नामों की भी घोषणा की। उद्यमी किराट ब्रह्म, नाट्यकर्मी पवित्र राभा, कलाकार पुहिन दौला, मंगल सिंह क्रो और संगीतज्ञ डॉ. गुमथाओ बसुमतारी को यह पुरस्कार दिया जाएगा।