हैदराबाद, 15 नवंबर: कांग्रेस के ‘भारत सम्मेलन 2026’ में इटली के नेता और यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़ो’ नारे को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में लगाए गए इस नारे पर भाजपा और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने कांग्रेस की आलोचना की है।

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित सम्मेलन में फिलिबेक ने भारत की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चल रहे विवाद का जिक्र किया। उन्होंने राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह मतदाता सूची में पारदर्शिता और ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में दो सप्ताह पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की ओर से निकाले गए मार्च का भी उल्लेख किया। इसके बाद उन्होंने ‘वोट थीफ, लीव योर सीट’ का नारा लगाया। उस समय राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे।

तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष एन रामचंदर राव ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल किया कि किसी विदेशी नेता को भारत के लोकतंत्र का मजाक उड़ाने देना और उनके बयान पर तालियां बजाना क्या देशद्रोह नहीं है?

बीआरएस के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट कार्तिक इंद्र रेड्डी पटलोला ने भी भारत के आंतरिक राजनीतिक मुद्दों पर विदेशी नेता की टिप्पणी को लेकर सवाल उठाए।