गहपुर: मिसिंग स्वायत्तशासी परिषद के आगामी चुनाव से पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता रिपुन बोरा ने शिक्षा मंत्री डॉ. रणोज पेगु को लेकर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने मंत्री की मिसिंग पहचान पर सवाल उठाते हुए उन पर मिसिंग समुदाय के लोगों के शोषण का आरोप लगाया।
रविवार को गहपुर विधानसभा क्षेत्र के दक्षिणी हिस्से में लोहितमुख गांव पंचायत के चेनीजान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बोरा ने कहा, “डॉ. रणोज पेगु असली मिसिंग नहीं, नकली मिसिंग हैं।”
बोरा ने दावा किया कि डॉ. पेगु के पिता चुटिया समुदाय से हैं और मंत्री बचपन से एक मिसिंग परिवार में रहकर बड़े हुए तथा वहीं शिक्षा हासिल की। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मंत्री मिसिंग पहचान का मुखौटा पहनकर समुदाय के लोगों का शोषण करते रहे हैं।
उन्होंने मिसिंग स्वायत्तशासी परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य परमानंद सायेंगिया और डॉ. पेगु के बीच करीबी संबंध होने का भी आरोप लगाया। बोरा ने दावा किया कि दोनों ने मिलकर परिषद के धन का दुरुपयोग किया और उनके संबंध को ‘भिनिही-खुलशाली’ कहकर तंज कसा।
बोरा ने मतदाताओं से 30 नवंबर को होने वाले मिसिंग स्वायत्तशासी परिषद चुनाव में सही फैसला लेने की अपील की। उन्होंने ‘भिनिही-खुलशाली के शासन’ को खत्म करने का आह्वान भी किया।
सभा में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. शंकरज्योति कुटुम, विश्वनाथ जिला कांग्रेस के अध्यक्ष प्रशांत हजारिका तथा कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार महेश पेगु और रामू पाटगिरि मौजूद थे। बोरा की टिप्पणी से चुनाव से पहले गहपुर का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।