गुवाहाटी, 15 नवंबर: अमेरिकी हार्ड रॉक बैंड गन्स एन’ रोज़ेज़ के 17 नवंबर को खानापाड़ा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय मैदान में होने वाले कॉन्सर्ट के लिए महानगर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। यातायात जाम रोकने, दर्शकों की सुरक्षा और आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही के लिए कई प्रमुख सड़कों पर यातायात नियंत्रण और पार्किंग प्रतिबंध लागू रहेंगे।

इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक नियंत्रण

17 नवंबर को दोपहर 3 बजे से जीएस रोड पर सिक्स माइल फ्लाईओवर के नीचे से खानापाड़ा रोटरी तक तथा सिक्स माइल फ्लाईओवर के नीचे से जयानगर चाराली होते हुए बालूघाट के त्रिपुरा गली तक मालवाहक और धीमी रफ्तार वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। दोपहर 2 बजे से प्रिजन गेट प्वाइंट से कोईनाधरा प्वाइंट तक और विपरीत दिशा में, केंद्रीय विद्यालय खानापाड़ा से एपीएससी प्वाइंट तक तथा रोहिका दिशा की सर्विस लेन में एनएच-27 के कोईनाधरा प्वाइंट से खानापाड़ा रोटरी तक यातायात नियंत्रित किया जाएगा।

इन सड़कों पर पार्किंग नहीं

जीएस रोड पर सिक्स माइल फ्लाईओवर के नीचे से खानापाड़ा रोटरी तक, सिक्स माइल फ्लाईओवर के नीचे से जयानगर चाराली तक, जयानगर चाराली से त्रिपुरा गली-बालूघाट तक तथा जयानगर चाराली से एपीएससी प्वाइंट (विज्ञान संग्रहालय) तक सड़क के दोनों ओर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा त्रिपुरा गली-बालूघाट से खानापाड़ा रोटरी तक एनएच-27 और इसकी सर्विस रोड, खानापाड़ा रोटरी से पिंकू कटिंग (किया सर्विस सेंटर के पास) तक तथा खानापाड़ा रोटरी से ग्रीनवुड रिजॉर्ट तक और विपरीत दिशा में एनएच-27 के दोनों ओर वाहन खड़े नहीं किए जा सकेंगे।

दर्शकों के लिए पार्किंग स्थल

जीएस रोड से आने वाले दर्शक कृषि निदेशालय (कृषि भवन), जीएस रोड, दिसपुर; ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कलामंदिर; वेटरिनरी फार्म गेट; असम समझौता मैदान, खानापाड़ा; वेटरिनरी कॉलेज परिसर; और असम प्रशासनिक अधिकारी महाविद्यालय, खानापाड़ा में वाहन खड़े कर सकेंगे। ऊपरी असम और मेघालय से आने वालों के लिए एनएच-27 पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास मुकुट पार्किंग, देवाशी पार्किंग, पिंकू पार्किंग और वशिष्ठ मंदिर रोड निर्धारित किए गए हैं।

निचले असम से एनएच-27, बेलतला और जयानगर चाराली होकर आने वाले लोगों के लिए वशिष्ठ के त्रिपुरा गली-बालूघाट, त्रिपुरा गली में जुडियो शोरूम के पास, लीला टावर के पास निजी पार्किंग तथा असम प्रशासनिक अधिकारी महाविद्यालय के पास केंद्रीय विद्यालय, खानापाड़ा में पार्किंग की व्यवस्था है। दोपहिया वाहनों के लिए बेलतला बिहुतली मैदान, जीएमसी पार्किंग और मिनी आईएसबीटी तय किए गए हैं। पार्किंग पहले आने वाले को पहले स्थान के आधार पर मिलेगी।

टिकट श्रेणी के अनुसार प्रवेश

सिल्वर टिकटधारी पुराने सीपी कार्यालय रोड के गेट नंबर 5, 6, 7, 8 और 9 से प्रवेश करेंगे। एनएच-27 की ओर से आने वाले दर्शकों को कोईनाधरा प्वाइंट और जीएस रोड की ओर से आने वालों को एपीएससी प्वाइंट पर वाहन से उतरना होगा। गोल्ड टिकटधारी एपीएससी के सामने वॉकिंग जोन स्थित गेट नंबर 11 से प्रवेश करेंगे। उन्हें जीएस रोड की ओर से एपीएससी प्वाइंट तथा एनएच-27 की ओर से कोईनाधरा प्वाइंट पर उतरना होगा।

प्लेटिनम लाउंज टिकटधारी असम कृषि विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय अतिथिगृह के पास एनएच-27 की सर्विस रोड पर स्थित गेट नंबर 4 से प्रवेश करेंगे। वे इसी सर्विस रोड पर वाहन से उतर सकेंगे। वाहन से उतरने के बाद सभी दर्शकों को अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने होंगे।

कैब के लिए अलग उतरने और चढ़ने के स्थान

जीएस रोड की ओर से आने वाली उबर, रैपिडो समेत कैब सेवाओं के वाहन ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कलामंदिर के गेट नंबर 1 पर यात्रियों को उतारेंगे और सिलग्राम होते हुए पांजबाड़ी की ओर जाएंगे। एनएच-27 की ओर से आने वाली कैब कृष्णकांत संदिकै राज्य मुक्त विश्वविद्यालय के सामने यात्रियों को उतारकर कोईनाधरा प्वाइंट की दिशा में आगे बढ़ेंगी।

ट्रैफिक पुलिस ने सीमित पार्किंग के कारण दर्शकों से जहां तक संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। पार्किंग में उपलब्ध स्थान की जानकारी गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय और गुवाहाटी ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया मंचों पर जारी की जाएगी। आपातकालीन सेवा, अग्निशमन वाहन, एम्बुलेंस, जीवनरक्षक दवाएं और ऑक्सीजन सिलेंडर ले जाने वाले वाहन, स्कूल बस, दूध ले जाने वाले वाहन तथा स्थानीय निवासियों को इन ट्रैफिक प्रतिबंधों से छूट रहेगी।