फुकेत, 16 नवंबर: थाईलैंड के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फुकेत के पाटोंग समुद्र तट के पास एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से 11 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 16 लोग घायल हुए हैं।

आग काथु जिले के पाटोंग इलाके में फांग मुआंग साई कोर रोड स्थित इमारत में सुबह करीब 3:17 बजे लगी। इमारत के निचले हिस्से में मोटरसाइकिल किराये पर देने और बेचने की दुकान थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर रहने के कमरे थे।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में 8 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। घायलों में 15 थाई नागरिक और म्यांमार का एक नागरिक शामिल है। मृतकों और घायलों में कोई विदेशी पर्यटक नहीं है।

अधिकारियों को आशंका है कि अधिकांश लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई। सूचना मिलने पर बचाव दल और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया।

दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान में खड़ी करीब 100 मोटरसाइकिलों और ईंधन के कारण आग तेजी से आसपास की इमारतों तक फैल गई।

प्रारंभिक जांच में पास के बिजली के खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, अधिकारी आग लगने के कारण और नुकसान की जांच कर रहे हैं।