असम, 16 नवंबर, 2026: राज्य में सड़क दुर्घटनाएं रोकने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 12 अहम निर्देश जारी किए गए हैं। इनका मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में होने वाली मौतों को कम करना और सड़क व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाना है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार हर जिले में टास्क फोर्स गठित की जाएगी। जिला स्तर पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए स्पष्ट लक्ष्य और समयसीमा के साथ कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसकी अगुआई संबंधित जिला उपायुक्त (डीसी) करेंगे और ‘जीरो फेटेलिटी’ का लक्ष्य रखा जाएगा।
तेज रफ्तार, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। बार-बार यातायात कानून का उल्लंघन करने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जाएगा।
ड्राइविंग लाइसेंस देने से पहले चालक के कौशल और सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी की ठीक से जांच की जाएगी। बार-बार यातायात कानून का उल्लंघन करने वाले व्यावसायिक वाहनों का परमिट रद्द करने की भी व्यवस्था की गई है। सभी व्यावसायिक वाहनों में स्पीड लिमिट डिवाइस लगाना अनिवार्य होगा।
महिलाओं और बच्चों समेत हर बाइक सवार के लिए हेलमेट पहनना सुनिश्चित किया जाएगा। दुर्घटनाप्रवण स्थानों पर सड़क पार करने की व्यवस्था, ट्रैफिक सिग्नल, पर्याप्त रोशनी और डिवाइडर की मरम्मत पर भी ध्यान दिया जाएगा।
हाईवे किनारे स्थित अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, दवाइयां और आपातकालीन उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। हर दुर्घटना के वास्तविक कारण का विश्लेषण कर उसकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
हाईवे के आसपास रहने वाले लोगों तथा ढाबों और होटलों के कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार और आपात स्थिति में मदद का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें हर वर्ष पुरस्कृत करने की भी व्यवस्था की जाएगी।