गुवाहाटी, 16 नवंबर: बृहत्तर गुवाहाटी दुग्ध व्यापारी संघ ने दूध के नए दाम लागू कर दिए हैं। नए रेट के तहत खुदरा बाजार में दूध की कीमत 2.80 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई है।
नए रेट के अनुसार, गुवाहाटी में खुले दूध का खुदरा मूल्य अब 71.80 रुपये प्रति लीटर तय किया गया है। थोक मूल्य 69.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
संघ के अनुसार, गोपालकों द्वारा दूध के थोक दाम बढ़ाए जाने के बाद नया रेट लागू किया गया है। दूध के साथ दही, क्रीम, पनीर और मिठाइयों के दाम भी बढ़ने की संभावना है।
बृहत्तर गुवाहाटी गोपालक संगठन ने 1 नवंबर को पशुचारा, परिवहन और उत्पादन लागत बढ़ने का हवाला देते हुए दूध की कीमत बढ़ाई थी। इसके बाद दुग्ध व्यापारियों ने भी नई दरें तय कीं।
पूरबी डेयरी के उत्पादों के खुदरा दाम भी अलग-अलग हैं। पूरबी गोल्ड दूध के 1 लीटर पैक की कीमत 75 रुपये, स्मार्ट प्लस दूध के 1 लीटर पैक की कीमत 68 रुपये और स्टैंडर्ड दूध के 500 मिलीलीटर पैक की कीमत 35 रुपये है।
पूरबी दही, पनीर, क्रीम और घी के दाम भी पैकेट के आकार के अनुसार अलग-अलग हैं। स्थानीय बाजार में खुला पनीर 350 से 397 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच उपलब्ध है।