नई दिल्ली: आसू के मुख्य सलाहकार और छात्र नेता डॉ. समुज्ज्वल कुमार भट्टाचार्य ने असम में एनआरसी के पुनरीक्षण के साथ मतदाता सूची का विशेष संशोधन कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोनों प्रक्रियाओं को समानांतर रूप से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि असम में मतदाता सूची के संशोधन का मुद्दा नया नहीं है। मंगलदई उपचुनाव के दौरान मतदाता सूची में विदेशियों के नाम शामिल होने के आरोप असम आंदोलन के प्रमुख कारणों में रहे थे। तब से मतदाता सूची से अवैध विदेशियों के नाम हटाने की मांग उठती रही है।
भट्टाचार्य ने 1983 के चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय की घटनाओं को आसू और असम के लोग भूले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि असम के खिलेन्जिया लोगों के भविष्य की सुरक्षा के लिए मतदाता सूची का संशोधन और एनआरसी का पुनरीक्षण जरूरी है।
असम समझौते के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संशोधन होना चाहिए और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एनआरसी का पुनरीक्षण कराया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन दोनों प्रक्रियाओं के जरिए शुद्ध मतदाता सूची और नागरिक पंजी तैयार करना आसू का लक्ष्य है।
भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते अवैध घुसपैठ का आरोप लगाते हुए भट्टाचार्य ने केंद्र और असम सरकार से राज्य में विशेष अभियान शुरू करने की अपील की। उन्होंने गुवाहाटी और धुबरी में बांग्लादेशी नागरिकों के पकड़े जाने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सीमा सुरक्षा पर चिंता जताई।
उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध घुसपैठ के साथ कट्टरपंथी समूहों के प्रवेश की आशंका भी है। उन्होंने अवैध घुसपैठियों और कट्टरपंथी समूहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की। भट्टाचार्य ने कहा कि एनआरसी के पुनरीक्षण और मतदाता सूची के विशेष संशोधन की मांग पूरी होने तक आसू अपना रुख कायम रखेगा।